बीरेन सिंह ने इस्तीफा देने में बहुत देर कर दी: विपक्ष

img

नई दिल्ली, सोमवार, 10 फ़रवरी 2025। विपक्ष के कई नेताओं ने सोमवार को कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा देने में बहुत देर कर दी और उन्होंने यह कदम भी राज्य विधानसभा में कांग्रेस द्वारा लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव से बचने के लिए उठाया। कई विपक्षी सांसदों ने यह उम्मीद भी जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही मणिपुर का दौरा करेंगे।

शिवसेना (उबाठा) की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘अब बहुत देर हो चुकी है…मणिपुर के लोग, उनकी अपनी पार्टी के नेता और विपक्ष दो साल से सिंह का इस्तीफा मांग रहे हैं, फिर भी मणिपुर में हिंसा जारी है।’’ उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘शायद गंगा स्नान के बाद उन्हें कुछ ज्ञान मिला हो। लेकिन यहां भी ऐसा नहीं है… ऐसा इसलिए है क्योंकि वे जानते थे कि अविश्वास प्रस्ताव आ रहा है और उन्हें डर था कि उनकी अपनी पार्टी के विधायक इसके समर्थन में मतदान करेंगे, और इसीलिए उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। यह दुखद है कि उन्हें (इस्तीफा देने में) इतना समय लग गया।’’

पिछले बृहस्पतिवार को सिंह ने महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाई थी। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह मणिपुर के इतिहास में एक ‘‘शर्मनाक अध्याय’’ का अंत है। कांग्रेस सांसद थरूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बहुत देर हो चुकी थी। हिंसा भड़कने के बाद से मुख्यमंत्री को हटाने की मांग की जा रही थी। उनकी अपनी मिलीभगत और स्थिति संभालने में लापरवाही से भरा कुप्रबंधन स्पष्ट हो गया है।’’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब जब हम अविश्वास प्रस्ताव लाने जा रहे थे, तो यह बहुत स्पष्ट था कि उनके पास अपनी पार्टी के भीतर भी पर्याप्त समर्थन नहीं था।’’

समाजवादी पार्टी के राजीव राजी ने कहा कि बीरेन सिंह ने इस्तीफा देने में बहुत देर कर दी। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं भारत सरकार से पूछना चाहता हूं कि वे पिछले दो साल से किसका इंतजार कर रहे थे जब महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया और उन्हें नग्न घुमाया गया? क्या लोगों को अराजकता में धकेलने के बाद केंद्र अब संतुष्ट है? उनके (बीरेन सिंह) खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’’ माकपा के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास ने भी कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री को बहुत पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement