बदरीनाथ के कपाट इस साल चार मई को खुलेंगे
नई दिल्ली, रविवार, 02 फ़रवरी 2025। उत्तराखंड में उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष चार मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पूर्व टिहरी रियासत के महाराजा रहे मनुजेंद्र शाह ने रविवार को बताया कि इस साल श्रद्धालुओं के लिए बदरीनाथ के कपाट चार मई को सुबह छह बजे खोले जाएंगे। बसंत पंचमी के अवसर पर नरेंद्र नगर स्थित पूर्व टिहरी राज दरबार में विशेष पूजा अर्चना करके मंदिर खोले जाने का मुहूर्त निकाला गया। राज पुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने गणेश पंचांग और चौकी पूजन के बाद मनुजेंद्र शाह की जन्म कुंडली का अध्ययन और ग्रह नक्षत्रों की दशा देखकर भगवान बदरीनाथ मंदिर के कपाट खोलने की तिथि निकाली।
इस मौके पर मनुजेंद्र शाह के अलावा, उनकी पत्नी और टिहरी से लोकसभा सदस्य माला राज्य लक्ष्मी शाह, बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी, मनुजेंद्र शाह की पुत्री श्रीजा, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल एवं अनेक धर्माधिकारी मौजूद थे। हर साल दीवाली के बाद अक्टूबर-नवंबर में शीतकाल में बदरीनाथ सहित चारधामों—केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं जो अगले साल अप्रैल-मई में दोबारा खोले जाते हैं। साल में छह माह चलने वाली यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु चारधामों के दर्शन के लिए आते हैं।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
