कांग्रेस महात्मा गांधी के ‘हिंदुत्व’ में विश्वास करती है: सिद्धरमैया
बेलगावी (कर्नाटक), मंगलवार, 21 जनवरी 2025। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को कहा कि महात्मा गांधी एक प्रखर हिंदू थे और कांग्रेस ‘‘गांधी के हिंदुत्व’’ में विश्वास करती है। सिद्धरमैया ने बेलगावी में ‘सुवर्ण विधान सौध’ के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कहा, ‘‘भाजपा ने हमेशा महात्मा गांधी को हिंदू विरोधी के रूप में पेश किया, लेकिन लोगों को समझना चाहिए कि यह 100 प्रतिशत झूठ है।’’ ‘सुवर्ण विधान सौध’ कर्नाटक विधानमंडल का भवन है जहां साल में एक बार सत्र का आयोजन होता है।
महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, राज्य के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी, मंत्री, सांसद और विधायकों ने भाग लिया। यह कांग्रेस के 1924 के बेलगावी अधिवेशन के 100 साल पूरा होने के मौके पर आयोजित किया गया था। उस सत्र में महात्मा गांधी पहली और आखिरी बार कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी हमेशा भगवान राम का नाम लेते थे। जब नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या की, तो उन्होंने ‘हे राम’ कहा था…वह एक प्रखर हिंदू थे।’’
उनके अनुसार, महात्मा गांधी कभी भी हिंदू आस्था के ख़िलाफ़ नहीं थे बल्कि वह हिंदू धर्म में सुधार लाना चाहते थे। वह हमेशा हिंदू और मुसलमानों को भाइयों की तरह रहते हुए देखना चाहते थे। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘हम महात्मा गांधी के हिंदुत्व में विश्वास करते हैं और वे (भाजपा) समाज को विभाजित करने में विश्वास करते हैं। वे मनुवादी हैं। हम भारतीय संविधान में विश्वास करते हैं और भाजपा कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ है। इसलिए हमें संविधान की रक्षा करनी चाहिए और लोकतंत्र को बचाना चाहिए।’’ उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा पिछले कई सालों से संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
Similar Post
-
मुख्यमंत्री ने मॉनेस्ट्री मार्केट में फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 मार्च 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ग ...
-
किसी भी मुद्दे का समाधान सैन्य संघर्ष से नहीं हो सकता: प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न ...
-
असम से राज्यसभा के लिए राजग के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
गुवाहाटी, गुरुवार, 05 मार्च 2026। असम से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जन ...
