गुजरात के कच्छ में 3.7 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं
अहमदाबाद, सोमवार, 23 दिसम्बर 2024। गुजरात के कच्छ जिले में सोमवार को सुबह 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति व अन्य किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। गांधीनगर स्थित आईएसआर ने बताया कि भूकंप सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर आया और इसका केंद्र लखपत से 76 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में था। इस महीने जिले में अब तक दो बार तीन तीव्रता से अधिक का भूकंप महसूस किया गया है। आईएसआर के अनुसार, सात दिसंबर को जिले में आए भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई थी। पिछले महीने 18 नवंबर को कच्छ में चार तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। आईएसआर के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 15 नवंबर को उत्तर गुजरात के पाटन में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
गुजरात, उच्च भूकंप जोखिम वाला क्षेत्र है। गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 200 वर्षों में गुजरात में नौ बार भीषण भूकंप की घटनाएं हुई हैं। जीएसडीएमए के अनुसार, 26 जनवरी, 2001 को कच्छ में आया भूकंप पिछले दो शताब्दियों में भारत में आया तीसरा सबसे बड़ा तथा दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। भूकंप में जिले के कई कस्बे और गांव लगभग पूरी तरह नष्ट हो गए थे, जिसमें लगभग 13,800 लोग मारे गए और 1.67 लाख अन्य घायल हुए थे।
Similar Post
-
दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन के लोकोशेड का एक हिस्सा ढहने से आठ लोग घायल
दार्जिलिंग, बुधवार, 02 सितंबर 2026। लगातार हो रही बारिश के बीच प ...
-
किसानों, शिक्षकों को सौगात, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दर्ज मामले वापस लेगी सरकार
चेन्नई, बुधवार, 02 सितंबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसे ...
-
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान के पार, नाव परिचालन निलंबित
वाराणसी (उप्र), बुधवार, 02 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के वाराणसी म ...
