पंजाब में कानून-व्यवस्था का नया मॉडल स्थापित किया जाएगा: केजरीवाल

img

चंडीगढ़, शनिवार, 16 नवंबर 2024। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था का नया मॉडल स्थापित करेगी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पुलिस को सबसे अनुशासित पुलिस बल बताया और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए भगवंत मान सरकार की सराहना। अरविंद केजरीवाल ने पुलिस विभाग में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करने के दौरान ये बातें कहीं। इस कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री मान भी मौजूद थे। 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई साल में पंजाब पुलिस विभाग में कुल 8,705 नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसा इसलिए नहीं कह रहा हूं क्योंकि पंजाब में हमारी सरकार है। लेकिन यह सच है कि पंजाब पुलिस देश का सबसे अनुशासित, सख्त और सबसे प्रतिष्ठित पुलिस बल है।’  पिछली सरकारों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनने से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति दयनीय थी और अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने कहा, ‘जब हमने कार्यभार संभाला तो हमारे सामने बड़ी चुनौती थी। हमने उस चुनौती को स्वीकार किया और हमें पंजाब के लोगों से समर्थन मिला।’

एक मीडिया समूह द्वारा किए गए सर्वेक्षण का हवाला देते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति के मामले में दूसरे स्थान पर है। आप नेता ने कहा, ‘पहले जबरन वसूली के फोन आते थे, चोरी, डकैती की घटनाएं होती थीं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि ‘राम राज्य’ आ गया है और सब कुछ ठीक है। अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। लेकिन अच्छी बात यह है कि हवा का रुख बदल गया है और चीजें सुधरने लगी हैं।’ केजरीवाल ने कहा, ‘हम पंजाब में कानून-व्यवस्था का एक नया मॉडल स्थापित करेंगे और इसकी गूंज दुनिया भर में सुनाई देगी कि ऐसी कानून-व्यवस्था भी हो सकती है।’ केजरीवाल ने कहा, ‘नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सुरक्षित महसूस कराना किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी है।’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें गर्व होगा, अगर हम शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के साथ-साथ पंजाब में कानून-व्यवस्था का ऐसा मॉडल लेकर आएं जिसकी चर्चा पूरे देश में हो।’’ आप नेता ने कहा कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सुरक्षित महसूस कराने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब पुलिस को सर्वोत्तम तकनीक उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘पंजाब पुलिस में 10,000 नये पद सृजित किये जायेंगे।’ केजरीवाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि दूसरे राज्यों के उद्योग पंजाब में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2022 से पहले उद्योग राज्य छोड़ रहे थे। आप नेता ने कहा कि पंजाब को पिछले ढाई साल में 60,000 करोड़ रुपये का निवेश मिला है और इससे तीन लाख नौकरियां पैदा होंगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement