तमिलनाडु : ईडी ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, शनिवार, 14 सितम्बर 2024। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुद को कथित तौर पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने के एक मामले में तमिलनाडु से चार और लोगों को गिरफ्तार किया। धनशोधन रोधी केंद्रीय एजेंसी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ईडी के मुताबिक तमिलारसन कुप्पन (29), प्रकाश (26), अरविंदन आई (23) और अजीत (28) को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तमिलनाडु के पल्लीपटु से शुक्रवार को हिरासत में लिया गया। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में बताया कि एक विशेष अदालत ने चारों को चार दिनों की ईडी की हिरासत में भेज दिया। एजेंसी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां बेंगलुरु में दर्ज 2.6 करोड़ रुपये की साइबर ठगी मामले में की गई है।
ईडी ने इस मामले में पिछले महीने बेंगलुरु से चार लोगों को गिरफ्तार किया था और वे अब भी न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने बताया, “चारों आरोपी (13 सितंबर को गिरफ्तार) मुखौटा कंपनियों का गठन करने और बैंक खाते खोलने में शामिल थे। इनके जरिए ही उन्होंने साइबर ठगी से अर्जित धन को सफेद किया।’’ धन शोधन का यह मामला विभिन्न राज्यों में दर्ज प्राथमिकियों से जुड़ा है, इसके अलावा सितंबर में जयपुर में साइबर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की थी। इस साइबर घोटाले में एजेंसी ने अब तक 17 बार छापेमारी की हैं। इस दौरान अपराध से कमाई गई 28 करोड़ रुपये की पहचान की गई है।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश के चंबा में एसयूवी खाई में गिरी, सात लोगों की मौत
चंबा, गुरुवार, 18 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मसरूं ...
-
प्रधान ने नीट -यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 18 जून 2026। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद ...
-
अखिलेश यादव का ओपी राजभर पर पलटवार, कहा- ‘मंत्री नहीं अफवाह मंत्री हैं’
लखनऊ, गुरुवार, 18 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश ...
