जम्मू-कश्मीर: रामबन में बादल फटने के बाद लापता दो लोगों के शव बरामद, अन्य पांच की तलाश जारी
रामबन/जम्मू, मंगलवार, 27 अगस्त 2024। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बादल फटने के बाद से लापता दो लोगों के शव मंगलवार को बरामद किये गए जिसमें 12 वर्षीय लड़के का शव भी शामिल है। इस दौरान लापता हुए पांच अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर राजगढ़ तहसील के कुमाते, ध्रमण और हल्ला पंचायतों में बादल फटने की घटना हुई, जिससे तंगेर और दाड़ी नदियों में अचानक बाढ़ आ गई।
राजगढ़ के तहसीलदार मेजर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अचानक आई बाढ़ में तीन अलग-अलग परिवारों के सात लोग लापता हो गये थे। बचाव अभियान की निगरानी कर रहे सिंह ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद बचाव दल ने गडग्राम के यासिर अहमद (20) और सुली-कुमाटे के खालिद अहमद परिहार (12) के शव बरामद कर लिये हैं।
उन्होंने कहा कि अन्य पांच लापता- अहमद की मां नसीमा बेगम (42) और बहन शाजिया बानो (6), परिहार की मां गुलशन बेगम (42) और बहन सीरत बानो (8) तथा डुंगर डंडल्लाह निवासी छह वर्षीय कजिया बानो का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय पुलिस और स्वयंसेवक बचाव अभियान में जुटे हैं।
सिंह ने बताया कि लगातार बारिश से नदियों के उफान पर होने के कारण बचाव अभियान धीमा पड़ गया है। उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों को प्रभावित गांवों तक पैदल पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए। अधिकारियों ने बताया कि गडग्राम और सोनसुआ में कम से कम दो सरकारी स्कूल और कुछ अन्य इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि वहां खड़े तीन निजी वाहन अचानक आई बाढ़ में बह गए।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश के चंबा में एसयूवी खाई में गिरी, सात लोगों की मौत
चंबा, गुरुवार, 18 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मसरूं ...
-
प्रधान ने नीट -यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 18 जून 2026। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद ...
-
अखिलेश यादव का ओपी राजभर पर पलटवार, कहा- ‘मंत्री नहीं अफवाह मंत्री हैं’
लखनऊ, गुरुवार, 18 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश ...
