केजरीवाल अपनी ओर से आतिशी को ध्वज फहराने के लिए अधिकृत नहीं कर सकते: जीएडी
नई दिल्ली, मंगलवार, 13 अगस्त 2024। स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली सरकार के आधिकारिक समारोह में राष्ट्रीय ध्वज कौन फहराएगा, इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और इस बीच सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी ओर से ध्वज फहराने के लिए दिल्ली की मंत्री आतिशी को अधिकृत नहीं कर सकते। जीएडी मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को विभाग को निर्देश दिया था कि मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुसार आतिशी के तिरंगा फहराने के लिए बंदोबस्त किए जाएं। मंत्री के पत्र पर जीएडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवीन कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का निर्देश ‘कानूनन अवैध है और इसे अमल में नहीं लाया जा सकता।’ जीएडी अधिकारी ने यह भी कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा छह अगस्त को उप राज्यपाल वी के सक्सेना को लिखा गया पत्र कारागार नियमों के अनुसार स्वीकार्य नहीं है।
चौधरी ने कहा कि छत्रसाल स्टेडियम में दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न्यायिक हिरासत में हैं और तिरंगा फहराने के लिए उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए मामले की जानकारी ‘उच्च प्राधिकार’ को दे दी गई है तथा निर्देश की प्रतीक्षा है। राय ने जेल में केजरीवाल से मुलाकात के बाद सोमवार को जीएडी को निर्देश जारी किया था। केजरीवाल ने पिछले सप्ताह उप राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा था कि दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनकी जगह कैबिनेट मंत्री आतिशी ध्वज फहराएंगी। हालांकि उप राज्यपाल कार्यालय ने कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने भी केजरीवाल को सूचित किया कि उप राज्यपाल को लिखा उनका पत्र दिल्ली कारागार नियमों के तहत उन्हें दिए गए ‘विशेषाधिकारों का दुरुपयोग’ है।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
