कांवड़ यात्रा पर पुलिस के आदेश को लेकर सिब्बल बोले- क्या यही है ‘विकसित भारत’ का मार्ग
नई दिल्ली, शनिवार, 20 जुलाई 2024। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी खाने-पीने की दुकानों पर मालिकों का नाम लिखे जाने के राज्य सरकार के आदेश को शनिवार को ‘विभाजनकारी एजेंडा’ करार दिया। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा कावंड़ यात्रा मार्ग पर सभी खाने-पीने की दुकानों पर मालिकों का नाम लिखे जाने का आदेश जारी किया था। इस विवादास्पद आदेश को कुछ दिन बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में लागू कर दिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके राज्य में भी इसी तरह के निर्देश पूर्व में जारी किये गये हैं।
सिब्बल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कांवड़ यात्रा मार्ग पर उत्तर प्रदेश में सड़क किनारे लगने वाले ठेलों सहित सभी खाने-पीने की दुकानों को उन पर मालिकों का नाम प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया है। क्या यही है ‘विकसित भारत’ का मार्ग?” कांग्रेस के पूर्व नेता और निर्दलीय राज्यसभा सदस्य ने कहा, “विभाजनकारी एजेंडा सिर्फ और सिर्फ देश को विभाजित करेगा।” विपक्ष के कई नेताओं ने इस आदेश पर आपत्ति जताई और इसे भेदभावपूर्ण करार दिया। कांग्रेस ने शुक्रवार को इस आदेश को ‘शरारत’ और ‘पक्षपात’ करार दिया था।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश के चंबा में एसयूवी खाई में गिरी, सात लोगों की मौत
चंबा, गुरुवार, 18 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मसरूं ...
-
प्रधान ने नीट -यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 18 जून 2026। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद ...
-
अखिलेश यादव का ओपी राजभर पर पलटवार, कहा- ‘मंत्री नहीं अफवाह मंत्री हैं’
लखनऊ, गुरुवार, 18 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश ...
