त्रिपुरा में दो लोस सीटों पर मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी : सीईओ

img

अगरतला, सोमवार, 03 जून 2024। त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुनीत अग्रवाल ने सोमवार को कहा कि दो लोकसभा सीटों त्रिपुरा वेस्ट और त्रिपुरा ईस्ट पर मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।  मतगणना चार जून को 20 स्थानों पर की जाएगी। त्रिपुरा वेस्ट लोकसभा सीट और रामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 19 अप्रैल को हुआ था जबकि त्रिपुरा ईस्ट लोकसभा सीट के लिए मतदान 26 अप्रैल को हुआ था। त्रिपुरा वेस्ट लोकसभा सीट पर औसतन 81.48 प्रतिशत मतदान जबकि त्रिपुरा ईस्ट सीट पर 80.36 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। सीईओ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘दो संसदीय सीटों और रामनगर विधानसभा सीट (उपचुनाव) के लिए मतगणना के वास्ते सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। राज्य के 20 स्थानों पर चार जून को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।’’ उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों ने अपने मतगणना एजेंटों के नाम सौंप दिए हैं जो संबंधित मतगणना हॉल में मतगणना प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहेंगे। 

उन्होंने बताया कि सभी मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है और मतगणना हॉल के आसपास निषेधाज्ञा आदेश लागू किया गया है। अग्रवाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया के लिए 31 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। त्रिपुरा वेस्ट लोकसभा सीट पर भाजपा ने राज्यसभा सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को खड़ा किया है जबकि कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार साहा को प्रत्याशी बनाया है। त्रिपुरा ईस्ट लोकसभा सीट पर भाजपा की कृति देवी देबबर्मा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रत्याशी राजेंद्र रियांग के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement