सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा सालार का ट्रेलर, दर्शकों में जबरदस्त उत्साह
इंतजार की घड़ियाँ समाप्त हुईं और वर्ष 2023 की आखिरी ब्लॉकबस्टर फिल्म का ट्रेलर आज दर्शकों के सामने आया। यह था निर्देशक प्रशांत नील निर्देशित और अभिनेता प्रभास अभिनीत फिल्म सालार का ट्रेलर जिसने जारी होते ही दर्शकों को अपने मोहपाश में बांधने में सफलता प्राप्त कर ली है। 3 मिनट 47 सैकण्ड के इस ट्रेलर ने दोस्ती की नई परिभाषा दर्शकों के सामने रखी है। इस फिल्म को देखने के बाद यह तय है कि दर्शक दोस्ती पर आई अब तक की सभी फिल्मों को भूल जाएंगे। यह फिल्म सिने इतिहास का एक और माइनस्टोन साबित होगी।
निर्देशक प्रशांत नील दर्शकों को इससे पहले केजीएफ सीरीज दे चुके हैं और सालार को देखते हुए दर्शकों के जेहन में केजीएफ जरूर घूमेगी। इसे भी प्रशांत नील ने धूसर रंगों में फिल्माया है। ट्रेलर में एक मात्र रंगीन दृश्य श्रुति हासन की झलक के रूप में सामने आया है। सालार के ट्रेलर से स्पष्ट झलक मिलती है कि यह दर्शकों के सामने एक्शन की नई इबारत लिखने में सफल होगी। फिल्म का बैकग्राउण्ड म्यूजिक अपनी अलग छाप छोड़ता है। फिल्म 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें प्रभास के साथ श्रुति हासन, पृथ्वीराज सुकुमारन और जगपति बाबू जैसे कलाकार नजर आएंगे।
ये फिल्म तेलुगू, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में प्रदर्शित की जाएगी। ट्रेलर में प्रभास का धांसू अवतार देखने को मिल रहा है। प्रभास ‘देवा’ नाम का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ-साथ ट्रेलर में पृथ्वीराज भी काफी जबरदस्त लग रहे हैं। एक सीन में श्रुति भी नजर आईं। ‘बाहुबली’ से पैन इंडिया एक्टर बने प्रभास लंबे समय से ‘सालार’ को लेकर छाए हुए हैं। जुलाई में जब इस फिल्म का टीजर सामने आया था तो लोगों ने उसे खूब पसंद किया था और तब से इसके ट्रेलर का इंतजार कर रहे थे।
ये फिल्म ‘केजीएफ’ के मेकर्स की तरफ से बनाई गई है। ‘सालार’ का प्रोडक्शन होम्बले फिल्म्स के बैनर तले हुआ है और इसी ने ‘केजीएफ’ को भी प्रोड्यूस किया था। इसके अलावा इसे भी ‘केजीएफ’ फेम प्रशांत नील ने ही डायरेक्ट किया है। ‘सालार’ 22 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। उसी समय शाहरुख खान की ‘डंकी’ भी रिलीज हो रही है।
Similar Post
-
‘भूत बंगला’ में अक्षय के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी मिथिला पालकर
‘भूत बंगला’ 2026 की उन फिल्मों में से है जिसका दर्शकों को सबसे ज्य ...
-
जैकी श्रॉफ ने अमीन सयानी को किया याद, बोले-आप हमेशा दिल में रहेंगे
मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वे फिल्म ...
-
रिलीज हुआ ‘टॉक्सिक’ का टीजऱ
फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स का टीजऱ रिलीज हो गया है। टॉ ...
