कर्नाटक सरकार भ्रामक सूचना एवं फर्जी खबर से निपटने के लिए तथ्यान्वेषी दल का गठन करेगी
बेंगलुरु, शुक्रवार, 06 अक्टूबर 2023। कर्नाटक सरकार ने ‘इंफॉर्मेशन डिसऑर्डर टैकलिंग यूनिट-आईडीटीयू’ (भ्रामक सूचना से निपटने वाली इकाई) के गठन के लिए एजेंसियों को सूचीबद्ध करने के मकसद से एक ‘अभिरूचि पत्र’ (ईओआई) जारी किया है, जिसका लक्ष्य गलत एवं भ्रामक सूचना तथा फर्जी खबरों से निपटना है। कर्नाटक इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी सोसाइटी (केआईटीएस) ने ईओआई जारी किया है और प्रस्ताव जमा करने की अंतिम समय सीमा 16 अक्टूबर है। सूचना प्रौद्योगिकी/जैव प्रौद्योगिकी (आईटी/बीटी) मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा कि कर्नाटक सरकार गलत, भ्रामक सूचना एवं फर्जी खबरों से निपटने के बारे में गंभीर है। सरकार के लिए इस तरह की इकाई के गठन के इरादे से ईओआई जारी किया गया है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘ईओआई में शामिल चीजें इस प्रकार हैं : तथ्य प्रमाणन टीम – इस समूह में गलत सूचना की पहचान एवं इससे निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा चयनित निष्पक्ष तथ्य अन्वेषण संगठन होगा, विश्लेषण दस्ता: आंकड़ों के विश्लेषण एवं कृत्रिम मेधा जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल होगा, यह टीम सक्रिय रूप से गलत सूचना के तंत्र की निगरानी करेगी; क्षमता विकास टीम: यह टीम गलत सूचना तंत्र की उपस्थिति और परिणामों के बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए सार्वजनिक जागरूकता अभियान का नेतृत्व करेगी। इसके लिए ईओआई जारी करने का उद्देश्य आईडीटीयू के इन तीन घटकों में से प्रत्येक के लिए उपयुक्त एजेंसियों की पहचान करना है।’’ निविदाएं आमंत्रित करने के लिए भारत में पंजीकृत उन सभी कंपनियों के लिए मार्ग खुला है, जो इसके लिए विशिष्ट मानदंडों को पूरा करती हैं।
Similar Post
-
राजग के 21 वर्षों के शासनकाल में बिहार सभी मापदंडों पर 'विफल': तेजस्वी
पटना, गुरुवार, 12 मार्च 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्र ...
-
दिल्ली में कोई भी लड़की स्नातक स्तर तक की शिक्षा से वंचित नहीं रहनी चाहिए: रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, गुरुवार, 12 मार्च 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ग ...
-
छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस विधायकों का हंगामा, 30 सदस्य निलंबित
रायपुर, गुरुवार, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बृहस्पत ...
