चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग तय समय पर: सोमनाथ
चेन्नई, बुधवार, 23 अगस्त 2023। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा है कि तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शाम छह बजकर चार मिनट पर होगी तथा इसका कोई स्थगन या कोई वैकल्पिक योजना नहीं है। आज पूरी दुनिया की नजर भारत की ओर है और देश अंतरिक्ष के क्षेत्र में इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ा है। इसरो प्रमुख चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर बेहद आशावान है। उन्होंने कहा कि दूसरे मिशन से सबक लेते हुए इस बार असफलता की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गयी है। वैज्ञानिकों की टीम ने बैकअप प्लान का भी बैकअप तैयार किया है।
डॉ. सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग से पहले इसरो का पूरा ध्यान अपने लैंडर मॉड्यूल (एलएम) को उतारने पर होगा। उन्होंने कहा, ''हम किसी भी स्थगन या प्लान बी पर विचार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''जैसा कि मूल योजना थी, बुधवार शाम को लैंडिंग की पुष्टि हो गई है। डॉ. सोमनाथ उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि यदि लैंडर सिस्टम में कोई समस्या आती है तो लैंडिंग को 27 अगस्त तक के लिए टाल दिया जाएगा।
मंगलवार को इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन तय समय पर है और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। इसरो के मुताबिक सिस्टम की नियमित जांच हो रही है और मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (एमओएक्स) ऊर्जा एवं उत्साह से भरा हुआ था। इसरो ने एक ट्वीट में कहा, ''चंद्रयान-3 मिशन तय समय पर है। सिस्टम की नियमित जांच हो रही है। सुचारू संचालन जारी है। एमओएक्स ऊर्जा और उत्साह से भरा हुआ है! इसरो के सूत्रों ने कहा, ''चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए लैंडर को 1.6 किमी प्रति सेकंड की गति के साथ लगभग 25 किमी की ऊंचाई से संचालित किया जाएगा।
इसरो वैज्ञानिकों का ध्यान उस गति को कम करने पर होगा क्योंकि इसमें चंद्रमा का गुरुत्वाकर्षण बल भी अपनी भूमिका निभाएगा। सॉफ्ट लैंडिंग के लिए संचालित लैंडिंग 1745-1750 बजे शुरू होगी और एलएम शाम 6.04 बजे उतरेगा जिसे ''आतंक के 15 मिनट'' भी कहा गया है। कमांड अपलोड होने और टेलीमेट्री सिग्नल के विश्लेषण के दो घंटे बाद यह प्रक्रिया शुरु होगी। सॉफ्ट लैंडिंग एक मुश्किल और चुनौतीपूर्ण कार्य है क्योंकि इसमें जटिल मनूवरों की एक श्रृंखला शामिल होती है जिनेमें रफ और फाइन ब्रेकिंग शामिल होती है।
Similar Post
-
केजरीवाल ने न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा पत्र, कहा: न्याय होता हुआ दिखना भी चाहिए
नई दिल्ली, सोमवार, 27 अप्रैल 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्र ...
-
सरकार ने बाल पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए, 31 जुलाई अंतिम तिथि
नई दिल्ली, सोमवार, 27 अप्रैल 2026। सरकार ने सोमवार को बच्चों की अ ...
-
अजहरुद्दीन ने विधान परिषद सदस्य के रूप में शपथ ली
हैदराबाद, सोमवार, 27 अप्रैल 2026। तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अज ...
