ममता बनर्जी का दावा, और छह महीने केंद्र में भाजपा सरकार, फरवरी-मार्च में होंगे लोकसभा चुनाव

जलपाईगुड़ी, मंगलवार, 27 जून 2023। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार छह महीने और चलेगी तथा अगले साल फरवरी-मार्च में देश में लोकसभा चुनाव होंगे। बनर्जी ने पंचायत चुनाव के लिए जलपाईगुड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए क्योंकि ‘हो सकता है कि कल भाजपा सत्ता में नहीं रहे’।
उन्होंने दावा किया, ‘‘अगले लोकसभा चुनाव 2024 में फरवरी-मार्च में होंगे। भाजपा सरकार का कार्यकाल केवल छह महीने का है।’’ बनर्जी ने रैली में सीमावर्ती क्षेत्रों में कथित रूप से बीएसएफ की गोलीबारी में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने और नौकरी देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी बीएसएफ अधिकारियों पर आरोप नहीं लगा रही। वे हमारी सीमाओं की सुरक्षा करते हैं। लेकिन बीएसएफ को निष्पक्षता से काम करना चाहिए क्योंकि हो सकता है कल भाजपा सत्ता में नहीं रहे, पर उन्हें तो अपना काम करते रहना है।’’ ममता ने सोमवार को बीएसएफ पर सीमावर्ती क्षेत्रों में भाजपा के इशारे पर मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया था जिस पर केंद्रीय बल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे ‘सच से कोसों दूर’ बताया था। पश्चिम बंगाल में आठ जुलाई को पंचायत चुनाव के लिए मतदान होगा।


Similar Post
-
किसान नेता बलदेव सिरसा को दिल से जुड़ी समस्या के बाद अस्पताल ले जाया गया
चंडीगढ़, बुधवार, 12 फ़रवरी 2025। वरिष्ठ किसान नेता बलदेव सिंह स ...
-
एयरो इंडिया 2025 में आम लोगों के इस्तेमाल योग्य सैन्य उपकरणों ने मचाई धूम
बेंगलुरु, बुधवार, 12 फ़रवरी 2025। पवन ऊर्जा उत्पादन के लिए आमतौ ...
-
धनखड़ शुक्रवार को मध्यप्रदेश की यात्रा पर
नई दिल्ली, बुधवार, 12 फ़रवरी 2025। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक ...