41 साल बाद हॉकी टीम को मिला पदक

- जर्मनी को हराकर भारत ने ब्रांज मेडल जीता
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 अगस्त 2021। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक के प्ले आफ मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर टोक्यो ओलंपिक का कांस्य पदक जीता। भारत 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतने में सफल रहा। सिमरनजीत सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने दो बार पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए गुरुवार को रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे कांस्य पदक के प्ले ऑफ मुकाबले में ये जीत हासिल की है। इस जीत के साथ देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। यहां तक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी है और पूरी हॉकी टीम पर भारत को गर्व होने की बात भी कही है। पीएम ने ट्वीट किया, ‘ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद रखेगा।’ कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं के दिलोदिमाग पर जगह बना ली है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।’
आठ बार की ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय टीम एक समय 1-3 से पिछड़ रही थी लेकिन दबाव से उबरकर आठ मिनट में चार गोल दागकर जीत दर्ज करने में सफल रही। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह (17वें मिनट और 34वें मिनट) ने दो जबकि हार्दिक सिंह (27वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (29वें मिनट) और रूपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किया। दुनिया की चौथे नंबर की टीम जर्मनी की ओर से तिमूर ओरूज (दूसरे मिनट), निकलास वेलेन (24वें मिनट), बेनेडिक्ट फुर्क (25वें मिनट) और लुकास विंडफेडर (48वें मिनट) ने गोल दागे।


Similar Post
-
वर्षाबाधित मैच जीतकर भारत ने किया क्लीन स्वीप
पोर्ट ऑफ स्पेन, गुरुवार, 28 जुलाई 2022। भारत ने शुभमन गिल (98 नाबाद ...
-
भारत करेगा महिला विश्व कप 2025 की मेज़बानी
मुंबई, बुधवार, 27 जुलाई 2022। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीस ...