सदन से विपक्ष की गैरहाजिरी बापू का अपमान- CM योगी

लखनऊ, बुधवार, 02 अक्टूबर 2019। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुधवार से शुरू हुए विधानमंडल के विशेष सत्र में कहा कि जब सदन में सतत विकास लक्ष्य (SDG) पर चर्चा की घड़ी आई है, उस समय विपक्ष गैरहाजिर है। यह सदन की अवमानना के साथ गरीबों और बापू का अपमान है। विपक्ष के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने कहा कि गांधी जी ने जिन आदर्शों और मूल्यों को सबके सामने रखा, आज कांग्रेस उसी का बहिष्कार कर रही है। हमारे विपक्ष के मित्रों ने विकास से मुंह मोड़ा है, इसीलिए जनता भी उनका साथ नहीं दे रही है। विपक्ष ने बापू का अपमान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विशेष सत्र में विकास पर मंथन कर रहे है तो विपक्ष को अच्छा नहीं लगा। उन्होंने (विपक्ष) यह कहकर किनारा कर लिया कि सरकार केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए विशेष सत्र का आयोजन कर रही है। आज दो महापुरुषों की जयंती पर उनको नमन करता हूं। लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आज सदन चर्चा कर रहा है। योगी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित 'विजन 2030' के 16 लक्ष्य उत्तर प्रदेश में लागू होने हैं, इस पर हम समान रूप से कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए। उनको अनुमान था कांग्रेस का आने वाला नेतृत्व कैसा होगा। गांधी जी के सपने को आज जनता ने पूरा कर दिया है। जनता ने कांग्रेस का विसर्जन कर दिया है।
शौचालयों ने स्वच्छता के साथ रोजगार को बढ़ाने में भी मदद की है और उत्तर प्रदेश में विकास ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस को दूर करने के लिए हमारी सरकार ने कारगर योजना बनाई है। साथ ही गरीबी उन्मूलन व भुखमरी समाप्त करना भी हमारा लक्ष्य है। ज्ञात हो कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विधानमंडल का विशेष सत्र बुधवार सुबह से ही शुरू हो गया है और यह लगातार 36 घंटे तक चलेगा। यह पहला अवसर है जब किसी खास अवसर पर सदन की कार्यवाही लगातार इतने लंबे समय तक चलेगी।


Similar Post
-
नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ गुवाहाटी में अनशन जारी
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 दिसम्बर 2019। नागरिकता संशोधन कानून के ...
-
स्कूली छात्रों को लड़कियों के साथ शिष्टतापूर्वक व्यवहार करने की शपथ दिलाएगी सरकार
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 दिसम्बर 2019। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरव ...
-
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पावरफुल महिला की लिस्ट में शामिल, फोर्ब्स ने जारी की सूची
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 दिसम्बर 2019। भारत की वित्त मंत्री निर् ...